• Wed. Jul 29th, 2026

    नकली सोने के बिस्किट के झांसे में महिला से लाखों के आभूषण ठगे

    Trim
    Share

    मछलीशहर (जौनपुर)। मछलीशहर नगर के चुंगी चौराहे पर ठगों ने सोने के नकली बिस्किट का लालच देकर एक महिला से सोने की चेन और अंगूठी ठग ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पवारा गांव निवासी देवेंद्र दूबे ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी माता पान कुमारी 23 जुलाई को अपने मायके बड़ेरी जा रही थीं। चुंगी चौराहे पर तीन युवक बाइक से उनके पास पहुंचे। दो युवक उन्हें बातों में उलझाकर एक ओर ले गए और सोने का बिस्किट असली बताकर उन्हें दे दिया। इसके बदले उनकी करीब 11 ग्राम सोने की चेन और 7 ग्राम सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गए।

    आरोपितों के जाने के बाद आसपास के लोगों ने महिला को जानकारी दी, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। जांच में ठगों द्वारा दिया गया सोने का बिस्किट नकली निकला। पीड़ित पक्ष ने नकली बिस्किट पुलिस को सौंप दिया है।

    प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *