जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाह तय होने के बाद किन्हीं कारणों से युवक ने शादी से इन्कार कर दिया। जिस युवती से शादी तय हुई थी उसने थाने में तहरीर देकर उसके एवं मित्र पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। थाने में हुई पंचायत में युवक के शादी के लिए राजी हो जाने पर मामला रफा-दफा हो गया।
थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती रविवार को अपने पिता के साथ थाने पर पहुंची। तहरीर देकर आरोप लगाया कि शनिवार की रात
अपने मंगेतर के बुलाने पर वह घर से बाहर आई। उसके साथ मेरे ही गांव का उसका एक मित्र भी था। दोनों ने उसे घर से कुछ दूर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन में जुट गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपित दूसरे गांव के युवक के साथ युवती का विवाह होना तय हुआ था। बाद में किसी कारणवश युवक ने शादी करने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद युवती ने तहरीर देकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत की। आरोपित युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया। इसी दौरान मंगेतर युवती से विवाह करने के लिए सहमत हो गया। युवती के भी रजामंद हो जाने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया युवक व युवती दोनों बालिग हैं। उनका विवाह पूर्व निर्धारित था। सामूहिक दुष्कर्म की तहरीर मिलने के बाद पूछताछ के दौरान मंगेतर के शादी के लिए सहमत हो जाने पर मामला समाप्त हो गया।


