जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर क्षितिज का 8वां शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होटल रिवर व्यू में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए कौशल त्रिपाठी ने अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में क्लब को डिस्ट्रिक्ट 321E का ‘बेस्ट क्लब ऑफ द ईयर’ तथा मंडल में सर्वाधिक रक्तदान अभियान चलाने के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही क्लब की ‘हिन्दू व्रतोत्सव पर्व पत्रिका’ का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उदय चंदानी, दीक्षा अधिकारी डॉ. क्षितिज शर्मा, अधिष्ठापन अधिकारी एवं वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उमेश चंद कक्कड़, संस्थापक अध्यक्ष शशांक सिंह रानू तथा निवर्तमान अध्यक्ष अतुल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लियो मायरा सिंह एवं संवि सिंह ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, जबकि लायन रजनी साहू ने ध्वज वंदना का पाठ किया।
निवर्तमान अध्यक्ष एमजेएफ अतुल सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उमेश चंद कक्कड़ ने नवगठित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इसमें अध्यक्ष कौशल त्रिपाठी, सचिव हाफिज शाह, कोषाध्यक्ष डॉ. चंदन नाथ गुप्ता सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह के दौरान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उदय चंदानी ने लायंस इंटरनेशनल की ओर से क्लब के उत्कृष्ट कार्यों के लिए निवर्तमान अध्यक्ष अतुल सिंह को ‘बेस्ट क्लब ऑफ द ईयर’, सर्वाधिक रक्तदान अभियान का अवॉर्ड, इंटरनेशनल पिन एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। वहीं गैट एरिया लीडर डॉ. क्षितिज शर्मा ने संतोष गुप्ता, सुशील कुमार विश्वकर्मा, ताहिर कादरी ‘सोनू’ एवं वंशिका सिंह को क्लब की सदस्यता दिलाई।
ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच नवनिर्वाचित अध्यक्ष कौशल त्रिपाठी का जोरदार स्वागत किया गया। नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन अर्चना सिंह ने किया, जबकि संयोजक राजीव गुप्ता एवं रत्नेश वैश्य ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. दिलीप सिंह, जय कृष्ण साहू ‘जैकी’, विष्णु सहाय, धर्मेंद्र सेठ, प्रदीप सिंह, सैयद मोहम्मद मुस्तफा, मनीष गुप्ता, रामेश्वर त्रिपाठी, अरुण त्रिपाठी, डॉ. रजनीकांत द्विवेदी, विवेक सिंह, दयाशंकर निगम, रविंद्र सिंह ‘ज्योति’, अनिल अस्थाना, ऋतु त्रिपाठी, आराधना सिंह सहित बड़ी संख्या में लायंस क्लब के सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


