• Fri. Jul 24th, 2026
    Share

    जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने हाईवे पर राहगीर से लूट के मामले में वांछित दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक टच स्क्रीन मोबाइल, 2,000 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को असबरनपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वसंत यादव निवासी तालामझवारा और शिवांशु यादव उर्फ पतालू निवासी प्रधानपुर, थाना जलालपुर के रूप में हुई है।

    पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई की रात नेवढ़िया थाना क्षेत्र के उत्तर पट्टी निवासी मंसूर अली छतारी पुलिया हाईवे से गुजर रहे थे। आरोप है कि पुल के ऊपर तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनका पर्स, मोबाइल फोन और 8,000 रुपये छीन लिए तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर जलालपुर थाने में तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

    विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी वसंत यादव के खिलाफ जौनपुर और गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

    गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विक्रमा प्रसाद, उपनिरीक्षक रामभवन यादव, हेड कांस्टेबल शिवाकांत पाठक, कांस्टेबल विमलेश कुमार, रिजर्व आरक्षी राहुल कुमार, रिजर्व आरक्षी विनय पटेल और होमगार्ड छेदी प्रसाद मिश्रा शामिल रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *