जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, पीएम स्वनिधि तथा मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत कचगांव नगर पंचायत और मुंगराबादशाहपुर नगर पालिका के 6,686 आवेदनों में से 2,992 की जांच प्राप्त हो चुकी है, जबकि 3,694 जांच लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को लंबित जांच शीघ्र पूरी कर रिपोर्ट डूडा कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत उन्होंने व्यापक प्रचार-प्रसार कर तीसरे ऋण का लक्ष्य पूरा कराने को कहा। मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत 2024-25 के 95 कार्यों में 55 पूर्ण और 36 प्रगति पर हैं, जबकि 2025-26 के 28 कार्य भी चल रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


