जौनपुर, 16 जुलाई। साइबर क्राइम थाना/सेल की टीम ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “साइ-वज्र” अभियान के तहत सिटी रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से साइबर ठगी से अर्जित 92 हजार रुपये नकद, 10 फर्जी आधार कार्ड और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित साइबर गिरोह के लिए काम करते थे। गिरोह ऑनलाइन ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों में मंगवाकर एटीएम के जरिए निकालता था। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मामले में अन्य सदस्यों की पहचान भी हुई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी या पहचान पत्र उपलब्ध न कराएं तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।


