जौनपुर, 16 जुलाई। शाहगंज रेलवे क्रॉसिंग के आसपास ई-रिक्शा और टेंपो चालकों द्वारा किए जा रहे अवैध अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सड़क किनारे और बीच मार्ग पर मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर सवारियां भरने के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विरोध करने पर कुछ चालक अभद्र व्यवहार करते हैं और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने तथा अवैध स्टैंड संचालित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


