• Wed. Jul 15th, 2026

    महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    Share

    जौनपुर, 15 जुलाई। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग द्वारा नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय, हैदरगढ़ परिसर में महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीण नागरिकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

    विभागीय समन्वयकों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र महिला एवं बालिका तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बालिका के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक विभिन्न चरणों में मिलने वाली आर्थिक सहायता, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही निराश्रित महिला (विधवा) पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को मिलने वाली मासिक पेंशन और आवेदन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

    कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि माता-पिता अथवा परिवार के कमाऊ सदस्य को खो चुके बच्चों को इस योजना के माध्यम से शिक्षा, भरण-पोषण एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए महिला हेल्पलाइन-181 और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 की उपयोगिता भी विस्तार से बताई गई।

    कार्यक्रम के अंत में महिलाओं से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अन्य जरूरतमंद महिलाओं को भी इनके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। साथ ही समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *