• Sat. Jul 11th, 2026

    जौनपुर-मिर्जापुर एनएच-35 पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में टेलर की टक्कर, मकान में घुसे दोनों वाहन, 14 वर्षीय बालक की मौत

    Share

    हादसे में एक बालक की मौके पर मौत, छोटा भाई गंभीर घायल, घर का हिस्सा भी हुआ क्षतिग्रस्त

    जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात जौनपुर-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मुसईपुर गांव के पास तेज रफ्तार टेलर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में घुस गए। हादसे में घर के अंदर सो रहे 14 वर्षीय बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

    जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12 बजे एक टेलर रामपुर की ओर से भदोही की दिशा में जा रहा था। मुसईपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। तेज रफ्तार टेलर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर का प्रभाव इतना अधिक था कि ट्रक और टेलर दोनों सड़क से नीचे उतरकर राजेश गुप्ता के मकान में जा घुसे।

    उस समय मकान के अंदर परिवार के लोग गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से पूरे घर में चीख-पुकार मच गई। वाहनों और मलबे की चपेट में आने से राजेश गुप्ता के लगभग 14 वर्षीय पुत्र सूरज गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल बालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

    हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से बचाव कार्य कराया तथा मृत बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कराई गई।

    इस भीषण हादसे में राजेश गुप्ता के मकान का एक हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दीवारें टूट गईं और घर का सामान मलबे में दब गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक बालक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर अवैध रूप से खड़े होने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

    Trimad1

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed