बरसठी | थाना क्षेत्र के बसहरा गांव में गुरुवार को महाराष्ट्र के मुंबई स्थित चेंबूर क्राइम ब्रांच की टीम ने बरसठी पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए सत्यम मिश्र पुत्र सुशील मिश्र को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ मुंबई लेकर रवाना हो गई। अचानक हुई कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार चेंबूर अपराध शाखा की क्राइम ब्रांच की टीम पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गोपनीय तरीके से दो आरोपियों की तलाश में जुटी थी। लोकेशन की पुष्टि होने पर गुरुवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से बसहरा गांव में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान सत्यम मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी किसन यादव मौके पर नहीं मिला। इसके बाद टीम आरोपी सत्यम को बरसठी थाने लाई, जहां आवश्यक लिखा-पढ़ी और ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उसे अपने साथ मुंबई लेकर रवाना हो गई। स्थानीय पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सत्यम मिश्र महाराष्ट्र में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था। मामले की विवेचना चेंबूर अपराध शाखा की टीम कर रही है। कार्रवाई के दौरान टीम ने मामले से संबंधित कोई जानकारी साझा नहीं की। बाहरी पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। कार्रवाई में चेंबूर अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक सुशांत सावंत, सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीकांत काळे, हे.कां अंकुश वानखेड़े तथा हे.कां संजय भालेराव शामिल रहे। स्थानीय स्तर पर बरसठी पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई में सहयोग किया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी सत्यम को ट्रांजिट रिमांड पर संबंधित टीम के सुपुर्द कर दिया गया है। एक अन्य वांछित आरोपी किसन की तलाश की जारी है। मामले की विस्तृत विवेचना मुंबई पुलिस कर रही है।


