• Fri. Aug 28th, 2026

    शीशम के पेड़ से लटका मिला 55 वर्षीय मजदूर का शव, जांच में जुटी पुलिस

    Share

    मड़ियाहूं, जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में गुरुवार सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर के सामने शीशम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राय साहब चौहान के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह राय साहब चौहान की पत्नी और ग्रामीणों ने उनका शव पेड़ से लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    ग्रामीणों ने बताया कि राय साहब चौहान ईंट भट्टों पर मजदूरी करते थे। वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। करीब दस दिन पहले वह वाराणसी से गांव लौटे थे, जहां वह एक ईंट भट्टे पर काम कर रहे थे। गांव लौटने के बाद वह स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर रहे थे।

    बरसठी थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *