जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को विभिन्न थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अपहरण, पॉक्सो, दहेज हत्या, चोरी, वारंटी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने सहित कुल सात मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
गौराबादशाहपुर पुलिस ने अपहरण के आरोपी को दबोचा, अपहृता सकुशल बरामद

गौराबादशाहपुर थाना पुलिस ने अपहरण के मुकदमे (मु.अ.सं. 166/26) में वांछित अभियुक्त सुमित गौतम निवासी नयनसण्ड को नयनसण्ड काली नगर तिराहा स्थित निर्मला आईटीआई के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया। कार्रवाई उपनिरीक्षक रामलाल एवं उनकी टीम ने की।
बरसठी पुलिस ने वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार

बरसठी थाना पुलिस ने मारपीट व अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे (मु.अ.सं. 257/2026) में वांछित मोहम्मद अमीन उर्फ दत्तन निवासी सुखलालगंज बाजार को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
जफराबाद पुलिस ने पॉक्सो आरोपी को दो घंटे में दबोचा

जफराबाद थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र दो घंटे के भीतर जितेन्द्र गौतम (21) निवासी अहमदपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। उसके विरुद्ध बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पवारा पुलिस ने वारंटी अभियुक्त को पकड़ा

पवारा थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर राजेश उर्फ पटवारी निवासी सरायबीका को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी वर्ष 2017 के चोरी, मारपीट और धमकी से जुड़े मुकदमे में वांछित था।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

मछलीशहर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर क्षेत्र के सम्मानित व्यक्तियों के खिलाफ गाली-गलौज एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के आरोप में इन्द्रजीत सिंह निवासी सराय इस्माइल को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध बीएनएस एवं आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई।
दहेज हत्या मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

सरायख्वाजा थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित चार आरोपियों भगौतीद्दीन चौहान, सुरसत्ती देवी, सीमा चौहान और चाँद चौहान निवासी हमजापुर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। चारों के विरुद्ध बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
बदलापुर पुलिस ने 24 घंटे में चोरी का खुलासा, बाइक बरामद

बदलापुर थाना पुलिस ने चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर कृष्णा कुमार उपाध्याय निवासी कोल्हुआ थाना महराजगंज को सरोखनपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर उसे न्यायालय भेज दिया।
जनपद पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

