जौनपुर। जिले की बहू और भोजपुरी फिल्म जगत की चर्चित पार्श्व गायिका अलका झा को मुंबई में आयोजित ग्रीन सिनेमा अवार्ड शो-2026 में ‘बेस्ट प्लेबैक सिंगर भोजपुरी 2026’ सम्मान से नवाजा गया। 29 जून को आयोजित समारोह में उन्हें भोजपुरी संगीत जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया।

अलका झा अभिनेता जितेंद्र झा की धर्मपत्नी हैं। उन्होंने अब तक एक हजार से अधिक फिल्मी गीत गाए हैं और सात भाषाओं में अपनी मधुर आवाज़ का जादू बिखेरा है। इससे पहले वर्ष 2020 में भी उन्हें सरस सलिल द्वारा आयोजित अवार्ड शो में बेस्ट प्लेबैक सिंगर का सम्मान मिल चुका है।
पुरस्कार मिलने पर अलका झा ने इसका श्रेय अपने परिवार के सहयोग और श्रोताओं के स्नेह को दिया। उन्होंने कहा कि लोगों के प्यार और आशीर्वाद से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है। साथ ही उन्होंने कहा कि जौनपुर की मां शीतला का आशीर्वाद उन पर हमेशा बना रहता है। उनकी इस उपलब्धि से जौनपुर में खुशी का माहौल है।


