• Tue. Jun 30th, 2026

    राम मंदिर चढ़ावा मामले में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, छोटी-बड़ी मछली कोई नहीं बचेगी: ओमप्रकाश राजभर

    Share

    जौनपुर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “छोटी मछली हो या बड़ी, किसी को नहीं बख्शा जाएगा।” दोषी चाहे किसी भी पद पर हो, कानून अपना काम करेगा और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

    जौनपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजभर ने कहा कि इस मामले पर बेवजह राजनीति की जा रही है, जबकि सरकार पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

    टिन्नू यादव के घर बुलडोजर कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह प्रशासन का विषय है। बुलडोजर कब और कहां चलेगा, इसका निर्णय प्रशासन अपने स्तर पर करेगा।

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि पिछले दो वर्षों से उनके खिलाफ अपशब्द कहलवाए जा रहे हैं। अब जब उन्होंने जवाब देना शुरू किया है तो विपक्ष को परेशानी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि इस जन्म में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।

    आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। सपा पर उनके विधायकों को अपने पक्ष में करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई बिकने को तैयार होगा, तभी कोई उसे खरीदने की कोशिश करेगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *