• Tue. Jun 30th, 2026

    अहिप-राबद के स्थापना दिवस पर दधीचि रक्तदान शिविर, दो दर्जन से अधिक लोगों ने किया रक्तदान

    Share

    जौनपुर। अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद (अहिप) एवं राष्ट्रीय बजरंग दल (राबद) के 9वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर के लाइन बाजार स्थित आईएमए ब्लड बैंक में दधीचि रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय बजरंग दल के नेतृत्व में आयोजित शिविर में दो दर्जन से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं को ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. बीएन दूबे ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अहिप के प्रान्त कार्याध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी दुर्घटना, सर्जरी या गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि किसी मानव का जीवन बचाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए।

    अहिप के जिलाध्यक्ष अजय पाण्डेय ने रक्तदाताओं का स्वागत करते हुए कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक प्रक्रिया है। इससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के साथ-साथ रक्तदाता के शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है तथा हृदय स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

    इस अवसर पर विभाग धर्माचार्य रामप्रीत मिश्र उर्फ फलाहारी महाराज, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह, विवेक उपाध्याय, सुधीर गुप्ता, सुधीर कुमार, कृष्ण कुमार उपाध्याय, गोविन्द गुप्ता, नागेन्द्र सिंह, आजाद शुक्ला, सुरेन्द्र प्रजापति, सचिन श्रीवास्तव, अवधेश चौहान, शनि श्रीवास्तव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह ने सभी आगंतुकों एवं रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *