जौनपुर। जनपद के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगियापुर पुल के समीप स्थित प्रेमगाढ़ा फर्नीचर शोरूम में शनिवार सायंकाल भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
प्रशासन की तत्परता के चलते फायर विभाग को तुरंत सूचना दी गई, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 7–8 मिनट के भीतर प्रथम फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंच गया। इसके बाद 15–20 मिनट के भीतर चार से पांच दमकल वाहन आग बुझाने के कार्य में जुट गए। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, क्षेत्राधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रतिष्ठान के भूतल पर घरेलू सामान, प्रथम तल पर शोरूम तथा द्वितीय तल पर गोदाम संचालित था। गोदाम में बड़ी मात्रा में फर्नीचर, गद्दे, कुशन, प्लास्टिक कुर्सियां एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और लंबे समय तक धधकती रही। लगभग दो घंटे से अधिक समय तक लगातार प्रयासों के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए अभियान जारी रहा।
जिलाधिकारी ने बताया कि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है, जिसका आकलन कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, जिसकी पुष्टि विद्युत सुरक्षा विभाग एवं अग्निशमन विभाग की विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिलाधिकारी सदर को शामिल किया गया है। समिति को अगले दिन सायंकाल तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें, गोदामों में अत्यधिक सामान का भंडारण न करें तथा आपातकालीन निकास मार्ग सदैव खुले रखें। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच कराई जा रही है तथा नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित कराया जाएगा।

