जौनपुर | गौराबादशाहपुर
जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के राजपत नगर आरा में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घराती और बराती पक्ष के बीच हुई मारपीट में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिसके बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गांव निवासी जमुना राजभर के यहां बारात आई थी। जयमाला कार्यक्रम के बाद किसी बात को लेकर घराती और बराती पक्ष में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे।
इस दौरान भदेठी निवासी सौरभ राजभर (24) पुत्र राजेश राजभर के सिर पर ईंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही सौरभ ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शादी का माहौल गम में बदल गया। उसी समय सिंदूरदान की रस्म होनी थी, लेकिन वर पक्ष ने विवाह करने से इनकार कर दिया। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद बारात बिना शादी के वापस लौट गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर गौराबादशाहपुर थाने पहुंचे। मृतक के भाई गौरव राजभर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।

