• Tue. Jun 23rd, 2026

    जौनपुर: पोस्टमार्टम के 12 घंटे बाद सुमित का अंतिम संस्कार, परिजनों से मिले सीओ सदर; सख्त कार्रवाई का भरोसा

    Share

    जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया (लेदुका) गांव में मारपीट की घटना में मृत सुमित कुमार सिंह का पोस्टमार्टम के बाद शव मंगलवार को घर पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां नूतन सिंह का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

    मंगलवार सुबह सैकड़ों ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए सीओ सदर परमानंद कुशवाहा, सीओ बदलापुर, थानाध्यक्ष बदलापुर एवं तेजीबाजार पुलिस मौके पर मौजूद रही।

    ग्रामीणों ने घटना में नामजद तीन आरोपियों के अलावा एक अन्य व्यक्ति को भी हत्या का आरोपी बनाए जाने और सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस पर सीओ सदर परमानंद कुशवाहा ने परिजनों और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    करीब 11 बजे परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए रामघाट ले गए, जहां मृतक के पिता नीरज सिंह (गुड्डू) ने पुत्र को मुखाग्नि दी। पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

    गौरतलब है कि सोमवार रात करीब 11 बजे देवरिया (लेदुका) गांव में कथित रूप से बल्ली से की गई पिटाई में सुमित कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed