जौनपुर, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जनपद जौनपुर के सभी तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लेकर योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।

विकास खंड मुफ्तीगंज में पूर्व विधायक दिनेश चौधरी की उपस्थिति में योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। बदलापुर के बहरा पार्क में विधायक रमेश चंद्र मिश्रा तथा अटल पार्क में मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। रामपुर में विधायक आर.के. पटेल, जलालपुर में प्रमुख जनप्रतिनिधियों, सुइथाकला में शाहगंज विधायक रमेश सिंह, सिकरारा में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं अधिकारियों, मछलीशहर में पूर्व सांसद बी.पी. सरोज तथा खुटहन में ब्लॉक प्रमुख, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सभी स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। साथ ही सभी ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

योग सप्ताह के अंतर्गत 15 से 20 जून 2026 तक जनपद, तहसील, विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में 6,71,370 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। इनमें जनपद स्तर पर 20,122, तहसील स्तर पर 53,330, विकास खंड स्तर पर 95,608 तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 5,02,310 लोगों ने भागीदारी निभाई।

प्रशासन के अनुसार, जनपद के सभी विकास खंडों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुए। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जनभावना का प्रतीक है।





