जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के धरौरा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर देर रात 68 वर्षीय बुजुर्ग रामदुलार सरोज की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसके चलते कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, रामदुलार सरोज अपने घर में सो रहे थे, तभी पटीदारों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। लोहे की रॉड से किए गए हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पुत्र लोहा सरोज ने आरोप लगाया कि घर के निर्माण के दौरान रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था, जो बाद में हिंसक रूप ले लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सती, शुभम, अमरेश और कृष्ण समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सभी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

