जौनपुर. केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड रामपुर, में आयोजित जन आरोग्य मेले का जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया द्वारा अवलोकन किया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना, शिक्षा, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ज्ञान्ता देवी, त्रिभुवन, अंजली, शीला देवी एवं विकास को आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए गए। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत नि:क्षय पोषण योजना के तहत टीबी रोगी फ़लक शेख को पोषण पोटली प्रदान की गई।

बाल विकास परियोजना विभाग अंतर्गत प्रदीप कुमार (आयु 07 माह) एवं काव्या (आयु 06 माह) का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा त्रिभुवन गौड़, रामपुर बाजार को पशु किट भी वितरित की गई।

इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रामपुर परिसर का निरीक्षण किया तथा विकास खंड के आईएसओ प्रमाणीकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने एवं विभागीय कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
जन आरोग्य मेले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।




