• Mon. Jun 15th, 2026

    एसडीएम पर अभद्रता का आरोप, शिक्षक संघों ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

    Share

    जौनपुर। परीक्षा ड्यूटी के दौरान एक महाविद्यालय शिक्षक के साथ कथित अभद्र व्यवहार के आरोप को लेकर सोमवार को शिक्षक संगठनों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ और तिलकधारी सिंह महाविद्यालय शिक्षक संघ के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को सौंपते हुए केराकत के एसडीएम सुनील कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

    शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 14 जून को टी.डी. लॉ कॉलेज में आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025) के दौरान यह घटना हुई थी। आरोप है कि एसडीएम सुनील कुमार ने टी.डी. कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रशांत कुमार त्रिवेदी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, उन्हें जेल भेजने की धमकी दी तथा धक्का-मुक्की भी की।

    घटना को लेकर शिक्षक समुदाय में नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना था कि यह केवल एक शिक्षक का नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज के सम्मान और गरिमा का मामला है। उनका कहना है कि ड्यूटी पर तैनात शिक्षक के साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

    शिक्षक नेताओं ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों से सदैव शालीन और मर्यादित आचरण की अपेक्षा की जाती है। ऐसी घटनाएं न केवल शिक्षकों के मनोबल को प्रभावित करती हैं, बल्कि शासन और प्रशासन की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।

    ज्ञापन के माध्यम से शिक्षक संघों ने एसडीएम सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की। साथ ही डॉ. प्रशांत कुमार त्रिवेदी और शिक्षक समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना कराने की भी मांग उठाई गई।

    शिक्षक प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा तथा शिक्षक समाज की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed