जौनपुर, 14 जून 2026। थाना खुटहन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने ₹1 लाख के इनामी अंतर्राज्यीय गौ-तस्कर एवं शातिर अपराधी रविन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित गुजरात में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थाना खुटहन पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को थाना खुटहन पुलिस क्षेत्र में भ्रमण एवं अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ₹1 लाख का इनामी अपराधी रविन्द्र वर्मा ग्राम मखदूमपुर स्थित ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज के पास अपने घर जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम रविन्द्र वर्मा पुत्र सभापति वर्मा निवासी मखदूमपुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर बताया। पुलिस अभिलेखों के अनुसार वह कई मामलों में वांछित चल रहा था तथा उस पर ₹1 लाख का पुरस्कार घोषित था।
पुलिस के मुताबिक, रविन्द्र वर्मा एक कुख्यात एवं पेशेवर अपराधी है, जिसके विरुद्ध जौनपुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, भदोही तथा आजमगढ़ सहित विभिन्न जनपदों में गौ-तस्करी, चोरी, शस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कुल 85 मुकदमे दर्ज हैं। गुजरात राज्य के सूरत जनपद में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना खुटहन में दर्ज विभिन्न मुकदमों में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल आकाश निषाद, आनन्द पासवान, सूरज यादव, सुरेन्द्र वर्मा, कुलदीप गोस्वामी, सोनू यादव, विजयशंकर यादव, मान सिंह तथा चालक हेड कांस्टेबल योगेन्द्र प्रताप सिंह शामिल रहे।

