जौनपुर। जौनपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए सावन गैंग के सरगना संदीप गौतम उर्फ सावन को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 13 जून 2026 को मड़ियाहूं थाना क्षेत्र से की गई। आरोपी पर आरोप है कि वह इंस्टाग्राम पर ‘भीमवंशी सावन दादा’ नाम की आईडी चलाकर आम जनता में भय और दहशत फैलाता था तथा लोगों को धमकाकर मनबढ़ई करता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत मड़ियाहूं पुलिस टीम ने उसे रामपुरनद्दी पठनपुरवा क्षेत्र से दबोचा।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार आरोपी संदीप गौतम उर्फ सावन, पुत्र राजेश गौतम उर्फ कल्लू, निवासी रामपुरनद्दी पठनपुरवा, थाना मड़ियाहूं का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे धारा-170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
ऑपरेशन वज्रपात के तहत जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सावन गैंग का सरगना गिरफ्तार

