जलालपुर, जौनपुर। थाना क्षेत्र के मझगवां कला गांव में शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर लंबे समय से चले आ रहे जमीनी विवाद में अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब पांच मड़हों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।
जानकारी के अनुसार अमीन सुनील कुमार सरोज की देखरेख में यह कार्रवाई की गई, जिसमें खरपत्ती देवी पक्ष का कब्जा हटाकर जमीन पर दूसरा पक्ष संतलाल और संतोषी आदि को कब्जा दिलाया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पराऊगंज पुलिस चौकी इंचार्ज संतोष यादव अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
वहीं कब्जा धारक पक्ष ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उनके पूर्वजों द्वारा यहां वर्षों पहले रिहायशी मकान बनाया गया था और वे उसी में रह रहे थे। उनका यह भी कहना है कि मुकदमे से जुड़े कुछ लोगों का निधन भी हो चुका है, ऐसे में कार्रवाई पर सवाल उठते हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के बाद गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

