जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह ने रात्रि के समय थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित पुलिस सहायता केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से ड्यूटी संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने और रात्रि गश्त के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस सहायता केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।


