जौनपुर। शहर के सीहीपुर स्थित नीलदीप एकेडमी परिसर में 96 यूपी बटालियन एनसीसी, जौनपुर के तत्वावधान में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-316) में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण की विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है।
गुरुवार को आयोजित प्रशिक्षण सत्र में सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के डायरेक्टर कर्नल शैलेश कुमार ने कैडेट्स को भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सेना में भर्ती की प्रक्रिया, आवश्यक योग्यता, शारीरिक दक्षता और चयन की विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया। कर्नल शैलेश कुमार ने कहा कि सेना युवाओं को सम्मानजनक करियर के साथ देश की सेवा करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कैडेट्स का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की सलाह दी।
शिविर के दौरान कैंप कमांडेंट कर्नल शंकर सिंह गौतम के नेतृत्व में कैडेट्स ने फायरिंग अभ्यास में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी निशानेबाजी क्षमता और फायरिंग कौशल का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण में कैडेट्स को हथियारों के सुरक्षित उपयोग, फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, लक्ष्य पर एकाग्रता बनाए रखने तथा सटीक निशाना लगाने की तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया गया।
कर्नल शंकर सिंह गौतम ने कहा कि फायरिंग केवल हथियार चलाने की कला नहीं है, बल्कि यह धैर्य, अनुशासन, मानसिक संतुलन और एकाग्रता की भी परीक्षा होती है। उन्होंने कैडेट्स से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
शिविर में कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर वाहिनी के डिप्टी कैंप कमांडेंट नवीन सिंह, सूबेदार मेजर ऑनरेरी कैप्टन गुरतेज सिंह, कैप्टन सुनील कान्त तिवारी, लेफ्टिनेंट रणधीर कुमार, बृजभूषण यादव, द्वितीय अधिकारी रविन्द्र कुमार, द्वितीय अधिकारी कुँवर विभूति विक्रम सिंह, मीडिया प्रभारी बद्रीनाथ सिंह, पीआई स्टाफ तथा कनिष्ठ सहायक मुकेश कुमार भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि शिविर के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

