जौनपुर। मथुरा में आयोजित 13वीं ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जौनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने कुल 15 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इनमें चार स्वर्ण, पांच रजत और छह कांस्य पदक शामिल हैं।
यह प्रतियोगिता 6, 7 और 8 जून को मथुरा स्थित सोम आश्रम हॉल में आयोजित की गई थी। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजीव कुमार साहू ने बताया कि जौनपुर के खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
स्वर्ण पदक विजेताओं में महिला वर्ग से आयुषी रावत और आदित्य सिंह शामिल रहे, जबकि पुरुष वर्ग में आदर्श मौर्य और गगन कनौजिया ने स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में खुशी सोनी, अनोखी कनौजिया, दिव्यांश साहू और मृदुल प्रमुख रहे। वहीं पीहू केडिया, वेदांत यादव, अंश यादव, वीर कुमार, कॉमेडी और मेरा ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता से लौटने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। संगठन के मैनेजर शुभम गुप्ता, सह-प्रशिक्षक विपिन कनौजिया, महिला मैनेजर अन्नू सिंह तथा अभिभावकों ने विजेता खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर सम्मान किया।
जौनपुर की टीम 9 जून की रात चंबल एक्सप्रेस से मथुरा से लौटकर जिले पहुंची। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और जिलेवासियों में खुशी का माहौल है।

