जौनपुर, 10 जून। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) सैमुअल पॉल एन. ने जनपद के ग्रामीण क्षेत्र के सभी मतदाताओं को सूचित किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 जून 2026 को कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के तहत निर्धारित प्रपत्र-7 पर निर्वाचक नामावली का प्रकाशन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विकास खंड कार्यालय तथा संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों में किया गया है। इसके अलावा पंचायत घर, विद्यालय भवन, साधन सहकारी समिति भवन, उचित मूल्य की दुकान, आंगनबाड़ी केंद्र एवं अन्य अधिसूचित सार्वजनिक भवनों पर भी नामावली उपलब्ध कराई गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 10 जून 2026 से पंचायत निर्वाचक नामावली निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। ग्रामीण क्षेत्र के मतदाता निर्धारित स्थानों पर जाकर अपने नाम एवं विवरण का सत्यापन कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से नामावली का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

