• Sat. Jun 13th, 2026

    आंधी में गिरी 12 फीट ऊंची दीवार, मलबे में दबकर किशोर की मौत

    Share

    जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव में मंगलवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के सामने बंधी बकरियों को पशुबाड़े में ले जाते समय 16 वर्षीय किशोर पर करीब 12 फीट ऊंची दीवार गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में 4 बकरियां भी मलबे में दबकर मर गईं। आपको बता दें कि कौड़िया गांव निवासी कमलेश का पुत्र किशन मंगलवार रात करीब आठ बजे आंधी-तूफान के दौरान बकरियों को सुरक्षित स्थान पर बांधने जा रहा था। इसी दौरान पशुबाड़े के पास स्थित दीवार अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ी। किशन और चार बकरियां मलबे में दब गए। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से किशन को बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाना चाहा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार किशन ने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और आगे पढ़ाई कर सरकारी नौकरी की तैयारी करना चाहता था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बुधवार की सुबह करीब 10 बजे बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed