• Tue. Jun 9th, 2026

    नाबालिग चालकों और फिटनेस फेल ई-रिक्शा पर चलेगा अभियान, यातायात पुलिस सख्त

    Share

    जौनपुर। शहर में बढ़ते यातायात जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने नाबालिग चालकों तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत बिना नंबर और फिटनेस फेल ई-रिक्शा पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    जिले में करीब आठ हजार पंजीकृत ई-रिक्शा संचालित हैं और इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। शहर में ई-रिक्शा संचालन के लिए 16 रूट निर्धारित हैं, लेकिन कई चालक नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से वाहन चलाते हैं। यातायात नियमों की जानकारी के अभाव में नाबालिग चालक अक्सर जाम और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।

    यातायात निरीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि किशोरों द्वारा ई-रिक्शा चलाना पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है। यदि कोई नाबालिग चालक वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसका ई-रिक्शा तत्काल जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

    उन्होंने बताया कि जल्द ही व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा, जिसमें फिटनेस फेल और बिना नंबर वाले ई-रिक्शा के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। इस अभियान में एआरटीओ प्रशासन भी सहयोग करेगा। यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और आम लोगों की जान की रक्षा के लिए नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed