जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में सोमवार देर रात आग लगने की घटना में एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। पीड़ित परिवार ने अपने ही रिश्तेदार पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुरेश पांडे (50) के घर में रात करीब 1:15 बजे आग लग गई। सुरेश लंबे समय से अपने ससुराल में रह रहे थे। परिजनों का आरोप है कि उनके चचेरे साले दुर्गेश तिवारी ने छप्पर में आग लगाई, जिससे आग तेजी से फैल गई और दो छप्पर जलकर राख हो गए।
इस अग्निकांड में एक गाय झुलस गई, जबकि एक बुलेट मोटरसाइकिल, दो साइकिलें, अनाज, पशुओं का चारा, कपड़े, दो पलंग, एक तख्ता और नकदी सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। परिवार ने बताया कि लगभग 10 से 12 हजार रुपये भी आग की चपेट में आ गए।
पीड़िता आरती पांडे ने आरोप लगाया कि आरोपी अक्सर नशे की हालत में विवाद करता था और परिवार को धमकियां देता था। घटना के समय घर में कई सदस्य मौजूद थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। ग्रामीणों की मदद से आग पर किसी तरह काबू पाया गया।
सूचना मिलने पर खुटहन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

