• Mon. Jun 8th, 2026

    सीएमओ का नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर औचक निरीक्षण

    Share

    जौनपुर। जनपद के बक्शा क्षेत्र स्थित नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गंगाराम ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का बारीकी से अवलोकन करते हुए मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई और सेवाओं की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।
    निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल के जांच केंद्र, इमरजेंसी वार्ड, आयुष्मान भारत योजना से संबंधित कार्यों, दंत चिकित्सा कक्ष, प्रसूता कक्ष तथा दवा वितरण केंद्र का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
    अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से भी सीएमओ ने सीधे संवाद किया। उन्होंने मरीजों से दवाओं की उपलब्धता और उपचार संबंधी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध हो रही हैं और किसी प्रकार की विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
    लैब सेवाओं की समीक्षा के दौरान सीएमओ ने उपलब्ध जांच सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस पर अस्पताल कर्मियों ने बताया कि मरीजों के लिए आवश्यक जांच सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध हैं और जांच कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।
    निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था देखकर सीएमओ ने संतोष जताया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन को निर्देश दिया कि स्वच्छता व्यवस्था को इसी तरह बनाए रखा जाए, क्योंकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में साफ-सफाई की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
    सीएमओ गंगाराम ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना मानक और अनुमति के संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
    इस अवसर पर डॉ. मनीष सोनकर, डॉ. आलोक रघुवंशी, डॉ. अच्छे तोमर, हेमंत सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सभी विभागों को बेहतर ढंग से संचालित करने और मरीजों को समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed