जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार देर शाम बीआरपी कॉलेज मैदान में आयोजित प्रदर्शनी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों, व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का विस्तार से जायजा लिया तथा संबंधित प्रबंधक व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदर्शनी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को किसी भी स्थिति में ढीला न छोड़ा जाए। उन्होंने झूलों और अन्य मनोरंजन उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा बड़े झूलों की पीडब्ल्यूडी से तकनीकी जांच कराने के आदेश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को हर समय क्रियाशील रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सभी वालंटियर्स और कर्मचारियों के पहचान पत्र अनिवार्य रूप से बनाए जाएं ताकि सुरक्षा व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे। विद्युत पोल और वायरिंग की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन व्यवस्था को मानक के अनुरूप रखने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और खान-पान की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा दुकानों पर रेट लिस्ट लगाने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


