जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के सिठुपुर गांव के छात्र अभिनव सिंह ने जेईई एडवांस्ड 2025-26 में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 4634 प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होने के बाद पहली बार रविवार को गांव पहुंचने पर उनका परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अभिनव की इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनकी उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों में नया उत्साह भर दिया है। गांव पहुंचते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
अभिनव के पिता दीपक सिंह उर्फ दीपू सिंह श्री सहदेव इंटर कॉलेज, भोड़ा में अध्यापक हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर, अनुशासित और मेहनती रहा है। अभिनव ने अपनी प्रारंभिक और इंटरमीडिएट की शिक्षा जयपुरिया स्कूल, बाबतपुर से प्राप्त की है। पिता का कहना है कि नियमित अध्ययन, दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम के बल पर ही उसने यह मुकाम हासिल किया है।
वहीं, अभिनव की माता अर्चना सिंह, जो गृहिणी हैं, ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। अभिनव ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और लगातार की गई मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसके प्रति समर्पण के साथ निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
ग्रामीणों और शिक्षकों का मानना है कि अभिनव सिंह की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।
इस अवसर पर निप्पू सिंह, दिलीप सिंह, दीपक सिंह, अर्चना सिंह, साक्षी सिंह, आर्या सिंह, अनिल सिंह, अमित सिंह, दिनेश सिंह सहित परिवार के सदस्य, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने अभिनव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


