जौनपुर। पतहना ग्राम पंचायत के मोहल्ला बिछलापुर में विद्युत विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। यहां करीब दर्जन भर घरों की बिजली आपूर्ति खंभों के बजाय बांस और बल्लियों के सहारे संचालित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर व्यवस्था के चलते किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले में लगभग 400 मीटर लंबी विद्युत लाइन बिछी हुई है, लेकिन इस पूरे हिस्से में केवल तीन बिजली के खंभे लगाए गए हैं। पर्याप्त खंभे न होने के कारण बिजली के तार काफी नीचे झूलने लगे थे। ऐसे में ग्रामीणों ने अपनी सुरक्षा के लिए जगह-जगह बांस और बल्लियां लगाकर तारों को ऊपर सहारा दिया है। हालांकि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है और तेज हवा या बारिश के दौरान खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार विभाग की ओर से केवल आश्वासन दिए जाते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पहले इसी मोहल्ले में जर्जर विद्युत तारों की चपेट में आने से एक किसान की भैंस की मौत हो गई थी। इसके बावजूद न तो अतिरिक्त खंभे लगाए गए और न ही लाइन की समुचित मरम्मत कराई गई। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
मोहल्ले के निवासियों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल नए खंभे लगवाने तथा जर्जर विद्युत लाइन को दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।


