जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा लखऊवा बाजार में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित एक मिठाई की दुकान में जा घुसा। घटना में दुकान का काउंटर, भट्ठी और अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
दुकान संचालक सूर्यभान यादव उर्फ खेदू ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 12 बजे जोरदार धमाके की आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक ट्रैक्टर उनकी दुकान के अंदर घुसा हुआ है। हादसे में दुकान का काउंटर, भट्ठी समेत कई जरूरी उपकरण टूट गए। पीड़ित दुकानदार ने लगभग 90 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टर काफी तेज गति से आ रहा था। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते ट्रैक्टर सीधे दुकान से जा टकराया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और बक्शा पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर स्थानीय निवासी राम फेर यादव का बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को दुकान से हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद बाजार में काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह दुर्घटना दिन के समय हुई होती या दुकान खुली होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बक्शा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दुकानदार ने हुए नुकसान की भरपाई की मांग उठाई है।


