जौनपुर। जौनपुरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर जल्द ही गाड़ी संख्या 13239/13240 पटना-कोटा एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय को जिले के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जनपद के सैकड़ों यात्री लंबे समय से पटना-कोटा एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव की मांग कर रहे थे। यात्रियों का कहना था कि इस ट्रेन के ठहराव से राजस्थान, बिहार और अन्य राज्यों की यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
इस मांग को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने हाल ही में नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। उन्होंने जौनपुर सिटी स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया और यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया।
राज्य मंत्री के अनुरोध पर रेल मंत्रालय ने मामले का परीक्षण किया और गाड़ी संख्या 13239/13240 पटना-कोटा एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी। इसकी जानकारी राज्य मंत्री के मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने दी।
रेलवे के इस निर्णय से न केवल जौनपुर बल्कि आसपास के जिलों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। ट्रेन के ठहराव से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा अन्य यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही जिले में व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जौनपुर सिटी स्टेशन पर पटना-कोटा एक्सप्रेस के ठहराव की स्वीकृति मिलने के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में खुशी का माहौल है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस पहल के लिए राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
लोगों का मानना है कि इस फैसले से जौनपुर का रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


