• Fri. Jun 5th, 2026

    रील बनाकर गैंग का खौफ फैलाने वाले पांच युवक गिरफ्तार

    Share

    जौनपुर। तेजीबाजार थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर रील बनाकर अलग-अलग गैंग के नाम से समाज में भय और दबदबा बनाने का प्रयास करने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।

    पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में तेजीबाजार थाना पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी।

    जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ युवक सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाकर विभिन्न गैंगों के नाम का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं तथा समाज में भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित युवकों की पहचान कर कार्रवाई की।

    गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अश्वनी गौतम पुत्र श्रीप्रकाश, शुभम गौतम पुत्र मनोज गौतम, लव गौतम पुत्र राम कुमार गौतम, अंकित गौतम पुत्र छविराज गौतम तथा दीपक गौतम पुत्र राम आसरे गौतम शामिल हैं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने, दबंगई दिखाने या समाज में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

    गिरफ्तारी करने वाली टीम में तेजीबाजार थाना प्रभारी सत्येन्द्र भाई पटेल, उपनिरीक्षक शान मोहम्मद खान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed