जौनपुर। सोशल मीडिया पर अवैध असलहों का प्रदर्शन कर दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत सिकरारा थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ रील बनाकर पोस्ट करता था।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में “ऑपरेशन वज्रपात” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग बनाकर अपराध को बढ़ावा देने, भय का माहौल बनाने तथा अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
इसी क्रम में गुरुवार को सिकरारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लाजीपार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आशुतोष यादव उर्फ आशू (22) पुत्र धर्मेन्द्र यादव निवासी रुकुनपुर, थाना सिकरारा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ और जांच के दौरान पता चला कि आरोपी “आशु यादव राइडर रुकुनपुर 999” नामक इंस्टाग्राम आईडी से हथियारों के साथ वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था, जिससे युवाओं में गलत संदेश जा रहा था।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सिकरारा में मुकदमा संख्या 200/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल दुर्गेश गोंड तथा कांस्टेबल अभिमन्यु यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।


