• Thu. Jun 4th, 2026

    तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से इंटर के छात्र की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

    Share

    जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बसौली गांव के पास बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

    मृतक की पहचान सुलतानपुर जनपद के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के कैथवारा गांव निवासी राज गौड़ (19) के रूप में हुई है। वह इंटरमीडिएट का छात्र था और खुटहन क्षेत्र के पिलकिछा स्थित अपने ननिहाल से घर लौट रहा था। इसी दौरान बसौली गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर इतनी भीषण थी कि राज गौड़ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सरपतहां पुलिस पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    हादसे के बाद चालक स्कार्पियो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

    राज गौड़ अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दोनों बड़े भाई पिता के साथ दिल्ली में नौकरी करते हैं। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

    थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात स्कार्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *