जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के कम्मरपुर गांव में सीमांकन के बाद लगाए गए पत्थरों को उखाड़ने और जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कम्मरपुर निवासी ऋषभ सिंह पुत्र इन्द्रबहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी भूमि का 26 मई 2026 को राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन कराया गया था। पैमाइश के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में खेत की सीमा पर पत्थर गाड़े गए थे।
तहरीर के अनुसार, गांव के कुछ लोग खेत पर पहुंचे और सीमांकन के लिए लगाए गए पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की तथा लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला करने का प्रयास करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र सिंह ने बताया कि ज्ञानती, अखिलेश, मिथिलेश, गीता और पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।


