जौनपुर। खेतासराय क्षेत्र के भुड़कुड़हाँ मोड़ के पास बुधवार शाम एम्बुलेंस और स्कार्पियो की आमने-सामने हुई टक्कर में सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, राकेश सिंह और उनके भाई शिवमूरत सिंह अपनी मां का शव लेकर कलकत्ता से पैतृक गांव अम्बेडकर नगर अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। शव एम्बुलेंस में रखा गया था। इसी दौरान भुड़कुड़हाँ मोड़ के पास जौनपुर की ओर जा रही स्कार्पियो से एम्बुलेंस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में एम्बुलेंस चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कार्पियो में लगे एयरबैग खुल जाने से उसमें सवार लोगों को अपेक्षाकृत मामूली चोटें आईं। कुल सात लोग घायल बताए गए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।


