जौनपुर। तेजीबाजार थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के ज्ञान और व्यावहारिक दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल की देखरेख में संपन्न हुई, जिसमें पुलिस के व्यावहारिक प्रशिक्षण और कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में रिक्रूट आरक्षी विवेक कुमार विश्वकर्मा, रिक्रूट आरक्षी सूर्यकुमार तथा रिक्रूट महिला आरक्षी आकांक्षा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वहीं रिक्रूट महिला आरक्षी सौम्या सिंह और रिक्रूट आरक्षी मोहित कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने विजेता आरक्षियों को अपने हाथों से मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और कार्यकुशलता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर थाने के सभी पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।


