बक्शा, जौनपुर। थाना क्षेत्र के बेलापार (नौपेड़वा बाजार) में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब नाबालिग प्रेमिका से शादी की जिद पर एक 17 वर्षीय किशोर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग पौने दो घंटे में उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, लखनीपुर गांव निवासी मूलचंद गौतम का पुत्र सूरज गौतम (17) शाम करीब 5 बजे बाजार स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। कुछ ही देर में सीओ सदर देवेश कुमार सिंह और तेजीबाजार थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने किशोर को समझाने का प्रयास किया और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए प्रेरित किया।
सीओ सदर ने किशोर की बात सुनकर उसे समझाया कि वर्तमान स्थिति में कोई भी निर्णय संभव नहीं है और उसे शांत होकर नीचे आना चाहिए। इस दौरान किशोर की मां भी मौके पर पहुंची और रोते हुए बेटे से नीचे उतरने की गुहार लगाती रही।
लगातार समझाइश के बाद करीब पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद किशोर टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोर को थाने लाकर परिजनों की मौजूदगी में समझाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं और दोनों नाबालिग हैं, ऐसे में कानूनन विवाह संभव नहीं है।


