जौनपुर, 03 जून 2026। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों एवं कार्यों की गति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने, आवश्यक मशीनरी एवं निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन ड्रेनेज सिस्टम का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो, इसके लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी आवासीय एवं अनावासीय परिसरों से पानी की निकासी सुचारू रूप से होनी चाहिए।
उन्होंने मल्टीपरपज हॉल और हाई सिक्योरिटी बैरक के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा परिसर की मिट्टी को समतल कर उसे विकसित बगीचे के रूप में तैयार करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य परिधि दीवार, सर्कल वॉल, पार्टीशन वॉल और कैंपस वॉल का अवलोकन किया गया। साइट प्रयोगशाला में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए किए गए ब्रेक टेस्ट एवं क्यूब टेस्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप और संतोषजनक पाए गए।

जिलाधिकारी ने बाउंड्री वॉल के शेष कार्यों को एक माह के भीतर पूरा करने, ओवरहेड टैंक का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार समय से पूर्ण कराने तथा मल्टीपरपज हॉल के ग्राउंड फ्लोर स्लैब कास्टिंग और फायर फाइटिंग सिस्टम के कार्यों को गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निकट लाइटनिंग अरेस्टर लगाने के निर्देश दिए, जिससे आकाशीय बिजली से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट एवं सेफ्टी जैकेट के उपयोग को अनिवार्य रूप से बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी पुष्पराज सिंह, जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव, सहायक अभियंता करुणेश अरोड़ा, देशदीपक, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।


