जौनपुर, 03 जून 2026। एंटी मलेरिया माह जून 2026 के तहत जिला मलेरिया एवं फाइलेरिया टीम ने नगरीय क्षेत्र के कटघरा, चाचकपुर, उर्दू बाजार समेत विभिन्न इलाकों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पर्यवेक्षक सुनील तिवारी, शिवशंकर वर्मा और राकेश सिंह के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से मलेरिया जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की गईं। इस दौरान पोस्टर चस्पा किए गए, पंपलेट वितरित किए गए तथा स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से लोगों को मलेरिया से बचाव की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव, मच्छरों के प्रजनन स्थलों का सर्वेक्षण और सोर्स रिडक्शन का कार्य भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को बताया कि मलेरिया मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जिसमें ठंड लगना, कंपकंपी के साथ तेज बुखार, सिर और शरीर में दर्द, उल्टी तथा मितली जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। समय पर जांच और उपचार न होने पर खून की कमी, तिल्ली बढ़ना और अत्यधिक कमजोरी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जल जमाव न होने दें, झाड़ियों की नियमित कटाई करें तथा कूड़ा-कबाड़ एकत्र न होने दें। उन्होंने कूलर और फ्रिज की ट्रे का पानी सप्ताह में एक बार बदलने, मच्छरदानी के उपयोग, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर नि:शुल्क जांच व उपचार कराने की सलाह दी।
उन्होंने यह भी कहा कि मलेरिया होने पर मरीज को पर्याप्त आराम करना चाहिए, समय पर दवाएं लेनी चाहिए और हल्का व सुपाच्य भोजन करना चाहिए। साथ ही झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराने या स्वयं दवा लेने से बचने की सलाह दी गई।


