बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के सहरमा (दुर्गागंज) गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 13 नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहरमा (दुर्गागंज) गांव निवासी अरबाज खान पुत्र निजामुद्दीन ने बरसठी थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 31 मई 2026 को सुबह लगभग 11 बजे पड़ोसी शकील पुत्र हदीश ने पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि शकील ने अपने साथियों सद्दाम, मोहम्मद तस्लीम, इजहार, आश मोहम्मद, नवाब, आफताब, अफजल, रेहान, सलामत, इरफान, नादिर, आरिफ तथा अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावरों ने अरबाज और उनके परिजनों को निशाना बनाते हुए जमकर मारपीट की।
मारपीट के दौरान अरबाज के चचेरे भाई करीम रहमानी के सिर पर गंभीर चोट लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना में अरबाज खान को भी चोटें आई हैं। घायल करीम रहमानी को परिजनों की मदद से तत्काल थाने ले जाया गया, जहां से आगे उपचार की व्यवस्था की गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में कई लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि पुलिस द्वारा जांच के बाद ही की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि पीड़ित अरबाज खान की तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) एवं 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


