• Fri. Jul 17th, 2026

    कुत्ते को बचाने में महिला की करंट से मौत

    Share

    जौनपुर। महाराजगंज थाना क्षेत्र के सवंसा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में पालतू कुत्ते को बचाने के प्रयास में महिला की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में कुत्ते की भी जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

    जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रधानाध्यापक इंद्रपाल सिंह के घर के बाहर लोहे की पाइप से उनका पालतू कुत्ता बंधा हुआ था। घर के बाहर लगे बिजली के खंभे से आया केबल टिनशेड के पास से कट गया था। कटे हुए केबल के संपर्क में आने से टिनशेड और लोहे की पाइप में करंट उतर आया।

    इसी दौरान पाइप से बंधा कुत्ता करंट की चपेट में आकर तड़पने लगा। उसे बचाने के लिए परिवार की बड़ी बहू रेखा सिंह (56), पत्नी स्वर्गीय रमाकांत सिंह, दौड़कर मौके पर पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने कुत्ते को छुड़ाने का प्रयास किया, वह स्वयं भी करंट की चपेट में आ गईं।

    महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया। खंभे से जुड़े केबल को कटवाने के बाद लोग महिला तक पहुंच सके, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। रेखा सिंह और पालतू कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।

    पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष लवकुश सिंह ने बताया कि घटना के समय रेखा सिंह के बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। घर में केवल उनके वृद्ध सास-ससुर थे। उनकी बड़ी बेटी भैरवी सिंह का विवाह हो चुका है, जबकि छोटी बेटी सुरभि सिंह और पुत्र सर्वेश्वर सिंह पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं दूसरा पुत्र सौरभ सिंह अहमदाबाद में इंजीनियर है।

    घटना की सूचना मिलते ही बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना व्यक्त की तथा सरकारी दुर्घटना बीमा समेत अन्य पात्र सहायता योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed