बरसठी, जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट वायरल करने, दहेज उत्पीड़न, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद और मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सबसे चर्चित मामले में सोशल मीडिया पर धमकी भरी और आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने के आरोप में पुलिस ने हत्या के आरोपी विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार “विकास-माफिया-लीडर” नामक फेसबुक आईडी से अभद्र भाषा और जान से मारने की धमकी वाली पोस्ट प्रसारित की गई थी, जिसमें असलहा भी प्रदर्शित किया गया था। जांच में उक्त आईडी मंगरमू गांव निवासी विकास यादव की बताई गई। पुलिस के मुताबिक वह चर्चित शुभम शुक्ला हत्याकांड का आरोपी है और वर्तमान में जिला कारागार में निरुद्ध है। मामले में आईटी एक्ट की धारा 67 तथा बीएनएस की धारा 351 और 353 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में महुआरी बनकट गांव निवासी सुमन गौतम की तहरीर पर दहेज में सोने की चेन की मांग को लेकर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद लगातार दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा मारपीट कर मायके छोड़ दिया गया। पुलिस ने पति विकास गौतम, ससुर श्यामधर, सास सुभामा देवी सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं जयरामपुर गांव में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कराने के प्रयास के आरोप में राजस्व विभाग की तहरीर पर एक ही परिवार के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आवंटित पट्टे की भूमि से अधिक जमीन पर कब्जा कर निर्माण का प्रयास किया जा रहा था।
सरायविक्रम (सुखलालगंज) गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर विवाहिता उर्मिला देवी से मारपीट और धमकी देने के आरोप में आनंद गौतम और सुनीता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि रुपये जमा करने को लेकर हुई बातचीत के दौरान दोनों आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
तिवारीपुर महुआरी गांव में जमीन पर नीम की लकड़ी रखने को लेकर हुए विवाद में विपिन यादव की तहरीर पर शारदा प्रसाद यादव समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां और बहन को भी पीटा गया।
इसके अलावा गहली कठार गांव में शौच के लिए गए युवक साहिल सरोज से मारपीट और धमकी देने के आरोप में गोलू यादव और मदनेश यादव के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित पक्ष के अनुसार मारपीट में युवक घायल हो गया।
थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


